बगहा में कलश यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत
बगहा,। पश्चिम चंपारण के बगहा में नवरात्र के पहले दिन एक दर्दनाक हादसे से खुशियां मातम में बदल गईं। रामनगर के खटौरी गांव के समीप दोन कैनाल के पास कलश शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गई। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे झुलस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के ग्रामीण नवरात्र के अवसर पर मंदिर में कलश स्थापना को लेकर शोभायात्रा निकालते हुए दोन कैनाल पहुंचे थे। यात्रा में शामिल श्रद्धालु ट्रॉली पर सवार थे। इसी दौरान ट्रॉली पर खड़ा एक बच्चा हाथ में झंडा लिए हुए था। झंडा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। इसके बाद ट्रॉली पर सवार अन्य बच्चे भी करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों को बचाने के लिए दौड़े। हादसे में दो बच्चों की जान चली गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं।
- एसडीपीओ ने की दो बच्चों की मौत की पुष्टि
रामनगर के एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बिजली की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जबकि दो बच्चों की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। नवरात्र के पहले दिन धार्मिक उत्साह के बीच हुए इस हादसे से ग्रामीणों में गहरा दुख है।
- बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दो गांवों को जोड़ने वाले रास्ते पर 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, तार की ऊंचाई कम होने के कारण ही झंडा उसके संपर्क में आया और इतना बड़ा हादसा हो गया। इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में बिजली के तारों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया गया होता, तो इस तरह की दर्दनाक घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल, हादसे में घायल बच्चों का इलाज जारी है। इस घटना से ससराव गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।

गोकुल डेयरी में बहुमत का गणित बदलने पर सियासी टकराव, कांग्रेस के आरोपों को फडणवीस ने किया खारिज
राजेंद्र शुक्ल के बयान पर कांग्रेस हमलावर, बोली- चंबलवासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं
पटाखे की तेज आवाज से सहमा 6 साल का बच्चा, गिरने से सिर में लगी चोट; अस्पताल में तोड़ा दम
सरकारी काम अटकाया तो अफसर की खैर नहीं, हर दिन देना होगा 250 रुपये जुर्माना
दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की एनकाउंटर में मौत: ममता बनर्जी बोलीं- पुलिस को जवाबी कार्रवाई का हक