नवरात्र की खुशियां मातम में बदलीं, गंगाजल लेने गए 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत
बेगूसराय,। नवरात्र पूजा की तैयारियों के बीच बेगूसराय में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पूजा के लिए गंगाजल लेने बूढ़ी गंडक नदी पहुंचे 23 वर्षीय बादल कुमार की डूबने से मौत हो गई। घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के पत्थर घाट की है। नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से बादल डूबने लगा। बड़े भाई को अपनी आंखों के सामने डूबता देख छोटे भाई ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद नदी से उसका शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान चांदपुरा गांव के चितरंजन टोला, वार्ड संख्या-9 निवासी मनोज साह के पुत्र बादल कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बादल हर साल की तरह इस बार भी नवरात्र पूजा के लिए गंगाजल लेने अपने छोटे भाई के साथ बूढ़ी गंडक नदी के पत्थर घाट पहुंचा था। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। छोटे भाई की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घाट पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशें नाकाम रहीं।
- सुबह दुकान खोलने के बाद नदी गया था बादल
बताया गया है कि बादल सुबह करीब छह बजे घर से निकला था। चांदपुरा स्कूल के पास उसकी किराना की थोक दुकान है, जिसे वह अपने पिता और भाई के साथ मिलकर चलाता था। सुबह दुकान खोलने के बाद वह पूजा के लिए गंगाजल लेने नदी की ओर चला गया। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसके डूबने की सूचना परिजनों को मिली। खबर मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन भागते हुए घाट पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बादल का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद शव को नीमा चांदपुरा थाना ले जाया गया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चौकीदार के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया। बहरहाल जिस घर में नवरात्र पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। गंगाजल लेने निकला बादल वापस घर नहीं लौट सका। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

दुष्कर्म, वसूली और चुनाव बाद हिंसा के केस, TMC विधायक परेश राम दास पुलिस की गिरफ्त में
गोकुल डेयरी में बहुमत का गणित बदलने पर सियासी टकराव, कांग्रेस के आरोपों को फडणवीस ने किया खारिज
राजेंद्र शुक्ल के बयान पर कांग्रेस हमलावर, बोली- चंबलवासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं
पटाखे की तेज आवाज से सहमा 6 साल का बच्चा, गिरने से सिर में लगी चोट; अस्पताल में तोड़ा दम
सरकारी काम अटकाया तो अफसर की खैर नहीं, हर दिन देना होगा 250 रुपये जुर्माना